खुटार (शाहजहांपुर)। गांव रघुनाथपुर के पास ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर में बाइक चला रहे लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव सुंदरपुर निवासी 28 वर्षीय उमेश शर्मा की मौत हो गई। उमेश का साला पुवायां के गांव अनावां निवासी आशीष शर्मा और ई-रिक्शा चालक मियांपुर निवासी सत्यम गंभीर घायल हो गए।
उमेश शर्मा के छोटे भाई देवेश शर्मा ने बताया कि उमेश सोमवार सुबह अपनी ससुराल पुवायां के गांव अनावां गए थे। दोपहर में उमेश अपने 16 वर्षीय साले आशीष के साथ घर लौट रहे थे। खुटार क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर के पास एक तीव्र मोड़ पर बाइक और ई-रिक्शा टकरा गए।
टक्कर लगने के बाद बाइक चला रहे उमेश शर्मा बाइक सहित उछलकर रोड पर दूर जा गिरे और उनकी माैके पर ही मौत हो गई। आशीष और ई-रिक्शा चालक सत्यम गंभीर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। किसी ने हादसे की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद घायलों को पुवायां सीएचसी भिजवाया। उमेश शर्मा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
आशीष का सीएचसी में इलाज चल रहा है, सत्यम को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उमेश शर्मा तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उमेश की मौत से भाई देवेश शर्मा, आदित्य शर्मा, पिता श्रीचंद्र शर्मा, पत्नी सुमन देवी का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि उमेश शर्मा के पिता श्रीचंद की तहरीर के आधार पर ई-रिक्शा चालक सत्यम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
-
उमेश के चचेरे भाई की है शादी, मातम में बदली खुशियां
- मृतक उमेश शर्मा के भाई देवेश शर्मा ने बताया कि उनके चाचा संतोष शर्मा के पुत्र अमित की सोमवार शाम बरात जानी है। शादी को लेकर घर में खुशी का माहौल था। रिश्तेदार भी आ चुके थे। दोपहर को जानकारी मिली कि भाई उमेश की सड़क हादसे में मौत हो गई है, इससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। ढोलक की थाप की जगह परिजनों के रोने बिलखने की आवाज आने लगी। संवाद
0000000000
वाहन की टक्कर से बाइक सवार की जान
फरीदपुर। द्वारकेश शुगर मिल के पास सोमवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शाहजहांपुर के तिलहर के गांव विट्ठलपुर प्रहलादपुर निवासी रवि, प्रदीप और संदीप बाइक से गांव जा रहे थे। रास्ते में दुर्घटना हो गई। एक घायल को जिला अस्पताल और दो घायलों को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान रवि की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि घायलों का उपचार अभी किया जा रहा है। उनकी हालत नाजुक है। घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। संवाद
-
युवक की मौत, दो दिन पहले ही खरीदी थी बाइक
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर बिरिया निवासी 20 वर्षीय कौशल की बाइक में रोडवेज बस से टक्कर लग गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। वह बाइक में डिकी लगवाने के लिए जा रहा था। हादसे से दो दिन पहले ही उसने बाइक खरीदी थी।
परिजनों ने बताया कि कौशल की पत्नी साधना देवी गर्भवती है। दो महीने के बाद ही उसका प्रसव होना है। उसके बड़े भाई की शादी भी तय हो चुकी है। मृतक के तहेरे भाई द्वारिका प्रसाद ने बताया कि बाइक से जाने के दौरान पत्नी व उसके होने वाले बच्चे को दिक्कत नहीं आए। उनका सामान रखने के लिए डिकी लगवाने जा रहा था। संवाद
-
घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
सिंधौली। जयपुर में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मिश्रीपुर निवासी 30 वर्षीय कामेश की सोमवार दोपहर राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
कामेश जयपुर में एक पानी प्लांट पर काम करते थे। यह हादसा 16 अप्रैल को हुआ था, जब वह ई-रिक्शा से पानी सप्लाई करने जा रहे थे और अचानक रिक्शा पलट गया। हादसे की सूचना मिलने पर उनके भाई सत्येंद्र और अन्य परिजनों ने उन्हें वापस लाकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। कामेश अविवाहित थे। संवाद
-
दो बाइकों की टक्कर में लखीमपुर के दंपती और दो बेटे घायल
खुटार। गांव सलनहा के पास दो बाइकों की टक्कर में दंपती सहित चार लोग घायल हो गए। एक महिला को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाइक चालक हेलमेट लगाए थे, इस कारण उनको ज्यादा चोट नहीं लगी है।
जनपद लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव राजापुर बेनी निवासी संदीप सिंह ने बताया कि खुटार के गांव प्रतापपुर में उनकी बहन रहती हैं। सोमवार को बहन के देवर की शादी में शामिल होने वह पत्नी रानू सिंह, पुत्र नैतिक सिंह और शौर्य के साथ बाइक से प्रतापपुर जा रहे थे। खुटार-मैलानी रोड पर गांव सलनहा मोड़ के पास उनकी बाइक में एक बन्य बाइक चालक ने टक्कर मार दी और मौके से भाग निकला। लोगों की सूचना पर 108 सेवा की एंबुलेंस के चालक और ईएमटी घायलों को सीएचसी लाए। डॉक्टर ने रानू सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। संदीप सिंह, नैतिक सिंह और शौर्य सिंह का इलाज करने के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। संवाद
कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार तीन लोग घायल
खुटार। ई-रिक्शा में कार की टक्कर लगने से चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। थाना पुवायां के गांव करनापुर निवासी मशरुल ने बताया कि वह अपने भाई तस्लीम और गांव के राहुल के साथ राज मिस्त्री का काम करता है। इस समय वे लोग खुटार में एक मकान का निर्माण कार्य कर रहे है और अपने ई-रिक्शा से रोजाना खुटार आते-जाते हैं। सोमवार को काम खत्म करने के बाद तीनों लोग ई-रिक्शा से वापस घर जा रहे थे। गांव रामपुर कलां में सामने से आ रही कार ई-रिक्शा से टकरा गई।
हादसे में मशरुल, तस्लीम और राहुल घायल हो गए। कार चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 सेवा की एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी लाया गया। तस्लीम को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद