मृतक राजकुमार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
जलालाबाद/मिर्जापुर। कोलाघाट पुल पर मंगलवार शाम दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक के पीछे बैठा राजकुमार (35) उछलकर पुल के नीचे जाकर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मिर्जापुर थाने की पुलिस ने हादसे की सूचना परिजनों को दी। हादसे के बाद पुल पर भीड़ लग गई और काफी देर तक यातायात बाधित रहा।
मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया खेड़ा निवासी राजकुमार अपने चचेरे भाई प्रमोद के साथ बाइक से थाना मदनापुर के चंदोखा स्थित रिश्तेदारी में जाने के लिए घर से निकले थे। प्रमोद के भाई संजय के साले का तिलक था। बाइक प्रमोद चला रहा था।शाम करीब चार बजे जब वे दोनों मिर्जापुर थाना क्षेत्र में कोलाघाट पुल पर थे, तभी जलालाबाद की तरफ से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक टकरा गई।
इस दौरान बाइक पर पीछे बैठा राजकुमार सिंह पुल के नीचे जाकर गिरा और कुछ ही देर में उसकी सांसें थम गईं। प्रमोद को भी चोट आई है जबकि दूसरे बाइक चालक का पता नहीं चला। राजकुमार अविवाहित था उसका एक छोटा भाई शिशुपाल है। एक बहन ऊषा की शादी हो चुकी है जबकि दूसरी बहन प्रेमवती अभी अविवाहित है। बेटे की हादसे में मौत से पिता छोटेलाल व मां छोटी बिटिया का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक राजकुमार का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन