बंडा (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव भूड़ा निवासी संतराम (25) की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक पीने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसकी फोन पर किसी महिला मित्र से कहासुनी हुई थी। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे संतराम की फोन पर किसी से बातचीत के दौरान कहासुनी हुई। इसके बाद वह गांव के बाहर चला गया और वहां कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर उसने अपने भाई नत्थू को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
भाई सर्वेश ने बताया कि संतराम अक्सर फोन पर किसी महिला मित्र से बातचीत करता था। पिछले कुछ दिनों से वह गुमसुम रहता था और परिवार के लोगों से भी अपनी कोई बात साझा नहीं करता था। महिला मित्र के बारे में परिजनों को ज्यादा जानकारी नहीं है। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।