मीरानपुर कटरा। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामलीला मेला देखकर लौटते समय धर्मपुर कंकलिया निवासी लल्लूराम (35) को अज्ञात वाहन से टक्कर लग गई। हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई।
शनिवार रात नौ बजे लल्लूराम गांव के कुछ लोगों के साथ मीरानपुर कटरा में आयोजित श्रीरामलीला मेला देखने गए थे। रात 11 बजे वह अकेले गांव की ओर चल दिए। मोहल्ला नौगवां में राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर बड़े तालाब के सामने पैदल जा रहे लल्लूराम अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिये पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। थाना प्रभारी ओमशंकर शुक्ल ने बताया कि मृतक के चाचा वीर सहाय की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। लल्लू की मौत से मां फूलवती, पिता रामपाल मौर्य, भाई बांकेलाल व रामऔतार काफी गमजदा हैं।