बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में उझौली गांव के निकट बरेली-कासगंज रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिनावर क्षेत्र के गांव गिरधरपुर निवासी हरिओम श्रीवास्तव (20 वर्ष) के रूप में हुई। मृतक की जेब से आधार कार्ड मिलने से पहचान हो सकी।
हरिओम के बैग में मथुरा से घटपुरी तक का रेलवे टिकट और प्रेमानंद महाराज का फोटो भी मिला। बताया जा रहा है कि हरिओम मथुरा से अपने गांव लौट रहे थे। गांव उझौली के पास ट्रेन की स्पीड कम होने पर उसने उतरने का प्रयास किया और हादसे का शिकार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। हरिओम अपने पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। शादी नहीं हुई थी। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है।