कलान (शाहजहांपुर)। जमीन पर कब्जे की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने के विरोध में पृथ्वीपुर गांव के राजपाल का पुत्र प्रमोद बुधवार को सुबह करीब पांच बजे यहां आकर नगर में बने करीब 50 फुट ऊंचे ओवरहेड टैंक पर चढ़ गया। शोर-शराबा होने पर जागे आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाया और कार्रवाई का आश्वासन देकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। बाद में पुलिस उसे थाने ले आई।
टंकी पर चढ़कर प्रमोद ने गांव के एक व्यक्ति पर जमीन के आगे ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा कर दुकानों का निर्माण करा लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पिछले करीब दो- ढाई माह से अधिकारियों और पुलिस के चक्कर लगा रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
सूचना पाकर कलान और परौर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसकी पत्नी शारदा ने पुलिस को बताया कि शिकायत के बाद पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था। इसी दौरान उनका बेटा बीमार हो गया और वह उसके इलाज के लिए चली गईं। इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई, लेकिन इसी बीच दूसरे पक्ष ने उनकी जमीन के आगे दोबारा निर्माण कराना शुरू कर दिया।
शारदा ने पुलिस को यह भी बताया कि अधिकारियों के चक्कर लगाने के कारण पति मानसिक तनाव में है। वह पहले खेती-किसानी और मजदूरी करते थे, लेकिन तनाव के कारण अब कोई काम नहीं कर पा रहे हैं। इस पर पुलिस ने प्रमोद को जांच कराकर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन देकर करीब आधा घंटे बाद नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया।
इस दौरान सूचना पाकर नायब तहसीलदार सगीर अहमद भी थाने पहुंचे और पुलिस से घटना की जानकारी ली। थाने लाए गए प्रमोद से भी उन्होंने बात की। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। सीओ दीपक सिंह के अनुसार जमीन विवाद को लेकर टंकी पर चढ़े युवक को नीचे उतार लिया गया है और दोनों पक्षों से बातचीत करके नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।