पुवायां (शाहजहांपुर)। बंडा के मकसूदापुर पुल पर मां के सामने ही उसकी 18 वर्षीय बेटी शारदा नहर के तेज बहाव में बह गई। युवती मन्नत मानते हुए अपने ऊपर से सिक्का वारकर नहर में फेंकने गई थी, तभी पुल की रेलिंग के पास पहुंचते ही उसका पैर फिसल गया। तेज बहाव में मां के देखते ही देखते बेटी नहर में विलीन हो गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन नहर के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के कारण अब तक युवती का सुराग नहीं लग सका है।
पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र स्थित गांव गौहनिया निवासी प्यारेलाल की 18 वर्षीय पुत्री सीमा के गले पर पिछले कुछ दिनों से दाने निकल रहे थे। शुक्रवार को वह अपनी मां गुड्डी देवी के साथ ई-रिक्शा से बंडा के गांव ढका में एक हकीम से दवा लेने जा रही थी। रास्ते में बंडा के ही गांव मकसूदापुर के पास बने नए पुल पर चालक ने ई-रिक्शा रोका।
इस दौरान मां गुड्डी देवी पुल के पास चाट खाने लगीं। तभी सीमा ने मां से कहा कि वह बीमारी को ठीक करने के लिए अपने ऊपर से सिक्का वारकर (मन्नत का सिक्का) नहर में फेंकने जा रही है।
गुड्डी देवी के अनुसार, सीमा जैसे ही नहर के पुल की रेलिंग के पास पहुंची और सिक्का फेंकने लगी, अचानक उसका पैर फिसल गया। वह सीधे गहरे और तेज बहाव वाली शारदा नहर में जा गिरी। बेटी को डूबता देख मां ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कुछ साहसी युवकों ने सीमा को बचाने के लिए नहर में छलांग भी लगाई, लेकिन पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि सीमा पलभर में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। हादसे की खबर पाकर सीमा के भाई पप्पू और विनोद भी मौके पर पहुंच गए। परिवार बेहद गरीब है और मजदूरी कर अपना गुजारा चलाता है। जवान बेटी के इस तरह अचानक आंखों के सामने बह जाने से मां सदमे में है।
-
शारदा नहर में युवती के गिरने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, मगर नहर में पानी का बहाव तेज है, युवती की तलाश करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
-प्रवीण मलिक, सीओ (पुवायां)
शारदा नहर में सीमा के डूबने के बाद तलाश करने में जुटी एनडीआरएफ की टीम। संवाद
शारदा नहर में सीमा के डूबने के बाद तलाश करने में जुटी एनडीआरएफ की टीम। संवाद
शारदा नहर में सीमा के डूबने के बाद तलाश करने में जुटी एनडीआरएफ की टीम। संवाद