बंडा (शाहजहांपुर)। शादी का झांसा देकर युवती से प्रेम-प्रसंग चलाने वाला युवक बाद में वायदे से मुकरकर कहीं भाग गया। इस पर युवती मंगलवार को प्रेमी के घर जा पहुंची और उससे शादी करने की जिद में उसके दरवाजे पर बैठ गई। युवती के तीखे तेवर देख युवक के घरवाले भी युवती को दरवाजे पर बैठा छोड़कर कहीं चले गए। बाद में पुलिस ने युवती को समझाकर वहां से उठाया।
बताते हैं कि युवक का युवती से कई वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बीच युवती की शादी उसके घरवालों ने पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र के एक गांव में कर दी। इसके बावजूद युवती की प्रेमी से फोन पर वार्ता जारी रही। इस कारण युवती के ससुराल वालों से संबंध बिगड़े तो वह एक वर्ष पहले मायके आकर रहने लगी।
युवती गर्भवती हुई तो शादी करने की जिद में प्रेमी के घर जा धमकी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि पुलिस मौके पर गई, लेकिन युवती का प्रेमी घर से भागा हुआ है। युवती को तहरीर देने के लिए थाने बुलाया गया, लेकिन उसने तहरीर नहीं दी है। लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।