पुवायां। नगर निवासी एक युवती डेढ़ माह पहले तहरीर देने के बाद से थाने के चक्कर लगाती रही लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। बुधवार को पीड़िता ने थाने में हंगामा किया। दरोगा, सिपाहियों से नोकझोंक हुई तो आत्मदाह की धमकी दे डाली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि नगर के एक युवक ने उसके फोटो लगाकर फेसबुक पर एक और इंस्टाग्राम पर चार फर्जी एकाउंट बना रखे हैं। युवक ने लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर मित्रता की और बाद में गलत मेसेज भेजकर चैटिंग करने लगा। उनके परिचित लोगों ने जानकारी दी तो पता करने के बाद डेढ़ माह पूर्व उन्होंने मामले की तहरीर पुलिस को दी।
पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। एक सितंबर को उन्होंने नामजद तहरीर पुलिस को दी। दो सितंबर को युवक की लोकेशन मिली तो वह थाने पहुंची और पुलिस से पकड़ने की मांग की। आरोप है कि दो सिपाही मौके पर गए और युवक को वहीं छोड़कर चले आए। इसके बाद थाने में महिला ने हंगामा शुरु कर दिया।
एक दरोगा और सिपाहियों से महिला की नोकझोंक भी हुई। महिला ने कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह करने की धमकी दी, इसके बाद पुलिस ने तुरंत तीसरी तहरीर लेकर आरोपी नगर के मोहल्ला गढ़ी निवासी आशुतोष दीक्षित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मामला जानकारी में आने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां