शाहजहांपुर। नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी और युवती को बंधक बनाकर 20 हजार रुपये ठगने के मामले में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आजमगढ़ जिले के थाना सरायमीर क्षेत्र के गांव दोस्तपुर की रहने वाली खुशबू ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि दो फरवरी 2025 को उनके पास आशा इंटरप्राइजेज की अर्चना और गुंजा का फोन आया। उन्होंने कहा कि वे गौटिया मंदिर के पास स्थित उनके ऑफिस आशा इंटरप्राइजेज को ज्वाइन कर लें, जहां उन्हें प्रतिमाह 30 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा।
नौकरी के झांसे में आकर वह वहां पहुंची। साक्षात्कार के नाम पर उनसे 20 हजार रुपये भी लिए गए। आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी चंद्रभान सिंह, रमेश चंद्र यादव, अभिषेक कुमार, गुंजा, रमिता और अर्चना ने उसे बंधक बना लिया। उससे कपड़े धुलवाए जाते थे और नाली साफ कराई जाती थी।
विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते थे। सात अगस्त 2026 को आरोपियों के चंगुल से भाग आई। वहीं 12 अन्य लोगों ने भी इसी मामले में शिकायत की। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद