खुटार (शाहजहांपुर)। गांव तुलापुर निवासी विपिन दीक्षित (35) ने परिवार के ही एक व्यक्ति के पिटाई करने से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में उपचार के बाद उसकी मौत हो गई।
रामकिशोर दीक्षित ने बताया कि रविवार दोपहर पुत्र विपिन से पड़ोस में रहने वाले उनके ही परिवार के एक व्यक्ति से विवाद हो गया था। उसने विपिन को पीट दिया। परिजनों ने मामले की जानकारी डायल 112 पर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने अनुसार, दोनों पक्षों का समझौता होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई।
परिजनों ने बताया कि पिटाई से आहत विपिन ने शाम लगभग चार बजे जहरीला पदार्थ खाया। हालत बिगड़ने पर उसे निजी डॉक्टर के यहां ले गए। हालत गंभीर होने के कारण पीलीभीत के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। शाम सात बजे उपचार के दौरान विपिन ने दम तोड़ दिया।
पीआरवी के माध्यम से पिटाई और एक युवक के जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली थी। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां