सौरभ सिंह का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
तिलहर। क्षेत्र के अजमाबाद बिहारीपुर गांव निवासी 24 वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ देशराज की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की गर्भवती पत्नी नीलम ने गांव के कुछ लोगों पर जहरीला पदार्थ खिलाकर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
नीलम ने थाने में दी गई तहरीर में बताया है कि कुछ दिन पूर्व उनके पति पर गांव के एक युवक ने चोरी का आरोप लगाया था। 17 मई को समझौता हो गया था। आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर पति सौरभ खेत पर पानी लगा रहे थे। तभी गांव के एक युवक ने फोन कर उन्हें बुलाया। इसके बाद उन्हें जहरीला पदार्थ खिलाकर गांव रूजवारी नहर के पास फेंक दिया।
परिजन उन्हें खैरपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान पति की मौत हो गई। पिता भानु, मां सोमवती, भाई हंसराज, आलोक, बहन पूर्वी, दिवशी उनकी मौत से बेहाल हो गए। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट व जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।