तिलहर। चीनी मिल के पास ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में उसका शव पड़ा मिला। वहीं पर शराब का पाउच व खाने-पीने का सामान पड़ा था। मृतक की पहचान तिलहर के गांव फाजिलपुर निवासी रमेश उर्फ रघुनाथ (38) के रूप में हुई है।
रविवार शाम करीब छह बजे रेलवे स्टेशन से शाहजहांपुर की ओर चीनी मिल से पहले रेलवे पटरी के किनारे झाड़ियों में युवक का शव पड़ा मिला। जीआरपी के जवानाें ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। मृतक की जेब से मिली एक पर्ची के आधार पर उसकी पहचान फाजिलपुर निवासी रमेश उर्फ रघुनाथ के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवा दिया।
जीआरपी के अनुसार, रमेश की बहन की शादी फाजिलपुर में हुई थी। वह कई वर्षों से फाजिलपुर में मकान बनवाकर अपने भाई के साथ रह रहा था। चार दिन पहले उसका पत्नी से विवाद हुआ था। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई जयवीर गंगवार पर उसने चाकू से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जयवीर का बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सीओ जीआरपी ऋषिकेश यादव ने बताया कि मामले में परिजनों से जानकारी ली जाएगी।