पुवायां। कारखाने में नकब लगाकर तमाम सामान चोरी कर लिया गया। शनिवार सुबह तहरीर देने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़कर कुछ सामान भी बरामद कर लिया, लेकिन एक नेता के दबाव में रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
मोहल्ला छावनी निवासी दीपांशु पांडे ने बताया कि मोहम्मदी मार्ग पर उनका कारखाना है, जिसमें स्पेलर व चक्की लगी है। शुक्रवार रात कारखाने में नकब लगाकर पांच क्विंटल सरसों, दो क्विंटल गेहूं, पांच टिन सरसों का तेल और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी कर लिया गया। शनिवार सुबह उन्हें जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सुरागरसी कर एक युवक को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर बाग में लगे पुआल के ढेर से कुछ अनाज आदि बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद आरोपी के परिजन खुशामद करने लगे, लेकिन उन्होंने राजीनामा नहीं किया। इधर, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान का कहना है कि चोरी की तहरीर नहीं दी गई है। दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया है। इस कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। बड़ा सवाल है कि नकब लगाकर चोरी के मामले में राजीनामा कराया जाएगा तो आरोपी फिर से चोरी की घटना को अंजाम देता रहेगा, इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
चर्चा है कि आरोपी के पक्ष में एक नेता सुबह से ही पैरवी में लग गए थे और बाद में राजीनामे की बात कहकर आरोपी को छुड़ा लिया। दीपांशु ने बताया कि उन्होंने कोई राजीनामा नहीं किया है। आरोपी शातिर किस्म का है, उस पर पहले से भी रिपोर्ट दर्ज हैं।