शाहजहांपुर। अब ई-बस से यात्रा करने पर कम किराया देना होगा। शाहजहांपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड ने दूरी के हिसाब से किराये का निर्धारण कर दिया है। बरेली मोड़ से रोडवेज बस अड्डे तक यात्रा करने पर अब दस रुपये ही देने होंगे।
शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर बरेली मोड़ से रोडवेज बस अड्डा होकर रेलवे स्टेशन पर तक ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। रोडवेज बस अड्डे तक 20 रुपये किराया लगने के कारण लोग इसकी जगह टेंपो से यात्रा करना मुनासिब समझ रहे थे, क्योंकि टेंपो संचालक बरेली मोड़ से रोडवेज बस अड्डे तक दस से 15 रुपये किराया लेते हैं।
ई-बसों में यात्री न मिलने पर अब उसके किराये में कमी आने का निर्णय लिया गया है। इसके आधार पर बरेली मोड़ से एसएस कॉलेज, जिला अस्पताल, अजीजगंज, गर्रा फाटक, एलआईसी ऑफिस, चार खंभा, केरुगंज तक पांच रुपये किराया निर्धारित किया गया है। इसके आगे छोटा चौक, हनुमतधाम मोड़, मिशन स्कूल, कमला हॉस्पिटल, बेरी चौकी, पुराना जिला अस्पताल, अंटा चौराहा, चमकनी मोड़, फायर स्टेशन, इस्लामियां इंटर कॉलेज, खिरनीबाग, कचहरी, रोडवेज बस अड्डा तक दस रुपये किराया लिया जाएगा। यदि कोई महिला थाना, रेलवे स्टेशन और रेलवे स्टेशन के आउटर तक सफर करता है तो उसे 20 रुपये देने होंगे।
लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर किराया घटाया गया है। इससे शहर में यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। - संदीप लाहा, प्रबंधक, शाहजहांपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड