रामगंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) ने काम करने का निर्णय लिया है। इस दिशा में संस्था की ओर से मंगलवार को यहां एक बैठक की गई, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष तनवीर खां और सीएमओ डॉ. उमेश सिंह यादव ने सहभागिता की।
संस्था ने गंगा किनारे बसे चार शहर और रामगंगा किनारे के आठ शहरों में यह काम शुरू किया है, जिसमें रामगंगा से सटे जलालाबाद तहसील के आठ गांव शामिल हैं, जहां से उन्नत कृषि, तकनीक और जल संरक्षण पर कार्य शुरू किया जाएगा। संस्था शाहजहांपुर में इस कार्य के लिए विनोबा सेवा आश्रम समेत अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का भी सहयोग लेगी। इसी क्रम में आश्रम में हुई मंगलवार को यह बैठक की गई।
बैठक में संस्था के कम्युनिकेशन मैनेजर गरिमा डिंगरी ने उद्देश्यों को बताते हुए कहा कि गंगा को प्रदूषण मुक्त करने के लिए रामगंगा की भी सफाई होना आवश्यक है, इन सहायक नदियों से भी गंगा में प्रदूषण फैलता है। नगर पालिका अध्यक्ष तनवीर खां ने रामगंगा मित्र बनकर अभियान को सफल बनाने का आश्वासन दिया। बैठक में आश्रम के संस्थापक रमेश भइया एवं संस्था के खेम बहादुर सिंह समेत अन्य कई ने भी विचार व्यक्त किए।