शाहजहांपुर। जीएफ कॉलेज में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। अब तक इसमें अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के आधार पर होता था। इस बार लिखित परीक्षा कराई जा रही है। इसको लेकर केंद्र पर सभी तैयारी पूरी कर ली गईं हैं। सहायक कोर्स कोऑर्डिनेटर स्वप्निल यादव ने बताया कि प्रवेश परीक्षा बृहस्पतिवार को सुबह 10:30 बजे से होगी। एक घंटे की परीक्षा में सामान्य ज्ञान व संबंधित विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में लगभग 541 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। इनमें यूपीएससी के 316, नीट के 112, जेईई के 17, सीडीएस के 16, एनडीए के 26 और अन्य परीक्षाओं की तैयारी के लिए 54 अभ्यर्थी शामिल हैं। बताया कि लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने वालों को केंद्र पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। केंद्र पर डीएम व सीडीओ समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी भी अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करने आते हैं। इससे अभ्यर्थियों को प्रतियोगिता के लिए मदद मिलती है।