शाहजहांपुर। उड़ीसा के जगन्नाथ पुरी की तरह शहर के विभिन्न मार्गों से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। इससे पहले बाबा बनखंडी नाथ मंदिर में हरिनाम संकीर्तन हुआ। इसमें तमाम श्रद्धालु शामिल रहे।
श्री जगन्नाथ रथ यात्रा समिति की ओर से हरिनाम संकीर्तन तथा रथयात्रा का आयोजन किया गया। रथयात्रा का शुभारंभ बाबा बनखंडी नाथ मंदिर पर भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा व भइया बलवंत की पूजा अर्चना के साथ हुआ। वृंदावन से पधारीं श्रीकृष्ण रतिदासी के नेतृत्व में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकली, जोकि बनखंडी नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर कच्चा कटरा, चौक होते हुए रंगमहला से केरूगंज होकर श्री द्वारिकाधीश मठिया हनुमान धाम रोड पर पहुंची।
रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ का रथ खींचा, जिसको लेकर होड़ लगी रही। जिस मार्ग से रथयात्रा निकली उस पर आगे-आगे चल रही गाड़ी से पानी का छिड़काव किया जा रहा था और श्रद्धालु झाडू लगाते हुए चल रहे थे। इसके साथ ही रथयात्रा के दौरान भजन-कीर्तन किया गया। श्री द्वारिकाधीश मठिया पर रथयात्रा के समापन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। रथयात्रा से पहले बाबा बनखंडी नाथ मंदिर में हरिनाम संकीर्तन हुआ। रथयात्रा में प्रमुख रूप से समिति के संरक्षक रामगोपाल, रामचंद्र सिंघल, सुरेश सिंघल, राकेश अग्रवाल, राजेंद्र गुप्ता, मुकुल आदि शामिल रहे।