वाह रे, कब्जेदार ! फुटपाथ भी नहीं छोड़ा
शहर में अवैध कब्जेदारों ने सरकारी नाली, नाला और गली कब्जाने के साथ ही प्रमुख मार्गों के किनारे तक के फुटपाथ को भी अपने प्रतिष्ठान और मकान का हिस्सा बना लिया है और नतीजा यह कि फुटपाथ मौके से गायब है। मोहल्ला जलालनगर, बहादुरगंज, मशीनरी मार्केच, मंडी, स्टेशन रोड, अंटा चौराहा, टाउनहाल रेलवे ओवरब्रिज रोड, घंटाघर, चौक, चार खंबा और सदर बाजार में यह दृश्य आम है। इसके चलते फुटपाथों पर दो जून की रोटी के लिए फुटकर की बिक्री के सामान बेचने वाले सड़कों पर अपनी दुकान सजाने को मजबूर हैं और पुलिस - प्रशासनिक महकमे के साथ ही ट्रैफिक का धक्का खाने के मजबूर हैं। डीएम विजय किरन आनंद के ऐसे अवैध कब्जदारों का चालान काटकर कार्रवाई करने के निर्देश पर अमल करते हुए नगरपालिका परिषद ने सोमवार से अवैध कब्जों का चिन्हांकन करना शुरू कर दिया है। अधिशासी अधिशासी अधिकारी मुनेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि चिन्हांकन काम शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा और उसके बाद डीएम के निर्देशों के अनुरूप अवैध कब्जेदारों पर विधिक कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों से सरकारी भूभाग को मुक्त कराया जाएगा।