शाहजहांपुर। श्री दिगंबर जैन मंदिर सराय काइयां में पर्यूषण पर्व के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी महापर्व व 1008श्री वासु पूज्य भगवान का मोक्ष कल्याण पर्व मनाया गया। सीओ सदर प्रयांक जैन के सानिध्य में सुबह श्रावक जैन मंदिर में समाज के लोग एकत्र हुए। यहां पर श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा व पूजन किया। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों, सामूहिक पाठक व भजन और आरती की गई। इस मौके पर प्रवीण जैन, प्रदीप जैन, राजेश जैन, शैलेश जैन, रीतेश जैन, सुशांत जैन, विकास चिनारिया आदि मौजूद रहे। संवाद
भागवत से पहले धूमधाम से निकाली कलश यात्रा
जैतीपुर। नवादा मोड़ के मंदिर पर श्रीमद्भागवत कथा आरंभ होने से पहले शनिवार को ग्रामीणों ने धूमधाम से कलश यात्रा निकाली। कथा वाचक हेमराज शास्त्री ने कलश पूजन कर यात्रा आरंभ कराई। कलश यात्रा नवादा मोड़ के देव स्थान मंदिर पहुंचकर विसर्जित हुई। यहां पवित्र जल से भरे कलश व्यास पीठ के पास स्थापित किए गए। मंदिर के पुजारी बाबा अभय गिरि महाराज, रवि यादव, अरुण कुमार, सोबरन यादव, राधे श्याम गुप्ता, महेश यादव आदि का सहयोग रहा। संवाद
उत्पीड़न के खिलाफ किया जागरूक
शाहजहांपुर। हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के तहत विशेष जागरूकता अभियान के तहत सीएमओ कार्यालय में कार्यक्रम हुआ। इसमें जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अमृता दीक्षित ने यौन उत्पीड़न अधिनियम के संबंध में जानकारी दी। डीपीएम इमरान खान, सीसीपीएम अजीत कुमार, संतोष कुमार, गीता ,बुलबुल आदि मौजूद रहीं। संवाद
बारिश के दौरान बिजली गिरने से भैंस मरी
जैतीपुर। गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव बिरिया कला में शनिवार को दोपहर बारिश के दौरान बिजली गिरने से खेत में घास चर रही जगदीश की भैंस की मर गई। इस दौरान भैंस चरा रहे जगदीश बाल-बाल बच गए। उन्होंने बताया कि खेत में भैंस को खोलकर वह कुछ मेड़ पर खड़े होने से बच गए। संवाद
11 केवीए लाइन में शार्ट सर्किट से लगी आग
कलान। परौर क्षेत्र के गांव कुंडरी आश्रम के मुख्य मार्ग पर शनिवार को दिन में 11 केवीए हाईटेंशन लाइन में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठने से आसपास के घरों में चीख-पुकार मच गई और लोग बच्चों को लेकर बाहर निकल आए। इसी दौरान लाइन का एक तार टूटकर पास के घर की दीवार को स्पर्श करता हुआ लटक गया। गनीमत रही कि तार रामगंगा की बाढ़ से गांव में भरे पानी में नहीं गिरा, अन्यथा कोई हादसा हो सकता था। लाइनमैन साजिद के अनुसार लाइन ठीक कराई जा रही है। संवाद
स्वास्थ्य टीम ने शिविर लगाकर बांटी दवाएं
मिर्जापुर। जरियनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों और कर्मचारियों की टीम ने शनिवार को कटरी क्षेत्र के गांव कुंडरी आश्रम और कुनिया नौआबाद में शिविर लगाकर बीमार ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की। दोनों जगह कुल 128 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गईं। डॉ. विकास कुमार और डॉ. अक्षिता ने बताया कि शिविर में टाइफाइड एवं मलेरिया के 50-50 रोगियों की जांच की गई। इस कार्य में स्वास्थ्य कर्मी सचिन कुमार, आकाश कुमार आदि का सहयोग रहा। संवाद
बाइक से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल
जैतीपुर। तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम क्राप सर्वे कर घर जा रहे आंवा गांव के रोजगार सेवक रविकांत की बाइक गांव अली अकबरपुर नवादा के पास सड़क पर हुए गड्ढे में चली गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और रविकांत सड़क पर बाइक समेत काफी दूर तक घिसट जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट लगाए होने के कारण उनकी जान बच गई। घरवालों ने उन्हें सीएचसी पर ले जाकर उपचार कराया। संवाद
जैतीपुर क्षेत्र में कलश यात्रा निकालतीं युवतियां। संवाद- फोटो : mathura