शाहजहांपुर। संविदा बिजली कर्मियों का कार्यबहिष्कार अब निर्वाध बिजली आपूर्ति पर भारी पड़ने लगा है। सोमवार रात करीब दो बजे ककरा उपकेंद्र की 11 केवी लाइन के तार ओवरलोडिंग के चलते जलकर टूट गए। इससे ककरा और आनंदपुरम फीडर से जुड़े इलाकों की बिजली गुल हो गई। संविदाकर्मियों के हड़ताल पर होने के कारण लाइन ठीक करने में नियमित कर्मचारियों को सात घंटे लग गए।
इधर, अधीक्षण अभियंता कार्यालय में धरना दे रहे हड़ताली कर्मचारियों के संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को अधिकारियों ने मंगलवार शाम फिर वार्ता के लिए बुलाया है। हालांकि, इससे पहले दो बार समझौता वार्ता विफल हो चुकी है। ककरा उपकेंद्र के आनंदपुरम फीडर की लाइन वहां के मेन फीडर से भी जुड़ी है। ये लाइन ककरा की वाल्मीकि बस्ती से होते हुए शहबाजनगर की पूर्वोत्तर रेलवे की पुरानी लाइन को क्रॉस करके तिलहरजई की ओर निकली है। रात करीब ढाई बजे आनंदपुरम फीडर की लाइन के तार वाल्मीकि बस्ती के पास जलकर टूट गए।
क्षेत्र के लोगों से इसकी सूचना मिलने पर ड्यूटी पर मौजूद सब-स्टेशन ऑपरेटर ने लाइन बंद कर दी, लेकिन उस वक्त अंधेरा होने के कारण तार जोड़ना संभव नहीं था। सुबह छह बजे क्षेत्र के प्रभारी अवर अभियंता सत्यपाल सिंह ने एसएसओ को लाइन स्टॉफ मौके पर भेज कर तार जुड़वाने के निर्देश दिए, लेकिन तब तक वहां कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा था। एक घंटे बाद जेई ने खुद उपकेंद्र पर जाकर विभागीय लाइनमैन के साथ ठेका पर रखे गए कर्मचारियों को मौके पर भेज कर तार जुड़वाने का काम शुरू करवाया। सुबह 9.30 बजे लाइन चालू हुई, लेकिन इसके साथ ही वोल्टेज में भारी उतार चढ़ाव की समस्या पैदा हो गई।
कुछ घरों में हाई वोल्टेज आने से बिजली उपकरण खराब होने की आशंका पैदा हुई, जबकि अन्य तमाम घरों में लो-वोल्टेज की समस्या रही। सब-मर्सिबल नहीं चलने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी। हालांकि दस बजे के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई। इस दौरान ककराकलां, आनंदपुरम कॉलोनी, आजादपुरम, मदराखेल, लोहारों का चौराहा, अलीजई (आंशिक), तिलहरजई , विश्वकर्मा चौक और सिंजई के कुछ हिस्सों में बिजली संकट बना रहा।
उधर अधीक्षण अभियंता कार्यालय में संविदा कर्मचारियों ने नौंवें दिन भी कार्य बहिष्कार जारी रखते हुए धरना-प्रदर्शन किया। इस बीच भाजपा नेता विनय अग्रवाल ने कर्मचारियों के दोपहर के भोजन की व्यवस्था की। विद्युत संविदा मजदूर संगठन के मंडल अध्यक्ष अशोक पाल ने धरनास्थल पर हुई सभा में कहा कि शाम को संगठन के प्रांतीय कार्यवाहक अध्यक्ष पुनीत राय की अधिकारियों की वार्ता होनी है। अगर इसमें कोई समाधान न निकला तो निर्णायक आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष मुनीश पाल, अरविंद कुमार, प्रेमकांत, मनोज सक्सेना, शकील अहमद, गुफरान आलम, दीपक श्रीवास्तव, बनवारी लाल, हेमराज आदि शामिल रहे।