शाहजहांपुर। शहर में सीवर लाइन डालने के लिए लाल इमली चौराहा-मल्हार मोड़ के बीच सड़क पर जेसीबी से की जा रही गहरी खोदाई बीएसएनएल के उपभोक्ताओं के लिए मंगलवार को मुसीबत बन हई। बीएसएनएल का ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) कट जाने से ब्रॉडबैंड सेवा पूरी तरह ठप हो गई। इससे सरकारी कार्यालयों समेत ओएफसी लाइन से जुड़ीं बैंक शाखाओं में कामकाज ठप हो गया। बीएसएनएल के तकनीकी कर्मचारियों के अनुसार जमीन में दबे ओएफसी के कटे हिस्सो को जोड़कर लाइन चालू करने में 24 घंटे लग सकते हैं।
शहर की सड़कों पर सीवर लाइन बिछाने के लिए की जा रही सड़कों की खोदाई जनसामान्य के लिए पहले से ही मुसीबत बनी हुई है। हालांकि अभी तक डबल लेन वाली सड़कों की सिर्फ एक लेन पर ही जेसीबी और ड्रेनेज मशीन से खोदाई कर सीवर लाइन डालने का काम हो रहा है। इससे दूसरी लेन से यातायात किसी तरह गुजर रहा है, लेकिन जबसे लाल इमली चौराहा से घंटाघर जाने वाले मार्ग पर काम शुरू हुआ है, यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।
अन्य सड़कों की तुलना में यहां सड़क के बीचोंबीच मेन लाइन डालने के लिए करीब छह फुट चौड़ाई और 10-12 फुट गहराई में खोदाई की जा रही है। बीते दिन चौराहे से लेकर उस्मान बाग पुलिस चौकी के सामने तक सीवर लाइन के पाइप डालने के बाद मिट्टी का भराव कर दिया गया, लेकिन वहां से अब मल्हार मोड़ की ओर खोदाई शुरू होते ही सड़क पर दोनों ओर मिट्टी के ऊंचे ढेर लग जाने से यातायात अवरुद्ध हो गया है।
मंगलवार दोपहर जेसीबी चालक ने सड़क पर खोदाई का काम शुरू किया तो पुराने आरटीओ दफ्तर वाली गली के पास जमीन में गहरी दबी बीएसएनएल की ओएफसी लाइन जेसीबी की चपेट में आकर दो जगह टूट गई। लाइन कटते ही ब्रॉडबैंड सेवाएं भी ठप हो गईं हैं। हालांकि बीएसएनएल के मंडल अभियंता गिरिजेश गुप्ता का कहना है कि लाइन जुड़ने के लिए तकनीकी कर्मचारियों को भेजा गया है। देररात तक ब्राडबैंड ठीक हो जाने की उम्मीद है। हालांकि लाइनमैन और केबल ज्वाइंटर बुधवार देर शाम तक ठीक हो पाने की बात कह रहे हैं।
कर्मचारियों के अनुसार 1200 पेयर वाली ओएफसी लाल इमली चौराहा से निशात तिराहा, नगर निगम, टाउन हाल, गोविंदगंज होते हुए कचहरी की ओर गई है। इस रूट पर स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, बैंक ऑफ बड़ौदा, इलाहाबाद बैंक, नैनीताल बैंक, यूनियन बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय आदि भी हैं। केबिल कटने से संबंधित बैंको समेत कार्यालयों में डाटा संप्रेषण का काम दोपहर से शाम तक ठप रहा।
शाहजहांपुर के लाल इमली चौराहा से घंटाघर जाने वाले मार्ग की जेसीबी से होती खोदाई। संवाद