शौचालयों के निर्माण में प्रधान की अड़ंगेबाजी के विरोध में भावलखेड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरही की महिलाओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रशासन मुनेंद्र नाथ उपाध्याय को दिया। इस ज्ञापन में महिलाओं ने ग्राम प्रधान पर शौचालयों के निर्माण पर ध्यान न देने का आरोप लगाकर मामले की जांच कराने और जरूरतमंद परिवारों के शौचालय जल्द बनवाने की गुहार लगाई है। ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम पंचायत सरही के मझरा सरही में किसी भी व्यक्ति के घर में शौचालय नहीं है। इस कारण महिलाओं और पुरुष शौच के लिए बाहर जाते हैं। इससे गांव के चारों ओर गंदगी फैली है। सफाई कर्मचारी भी गांव में कभी नहीं आता। इस संबंध में कई बार ब्लॉक कार्यालय में शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। सरही गांव की रहने वाली शीला, गीता, ज्ञान देवी, ज्योति आदि महिलाओं ने एडीएम उपाध्याय को बताया कि शौचालय बनवाने को ग्राम प्रधान से कहा गया। मगर वह प्रधानी के चुनाव की खुन्नस निकाल रहे हैं। महिलाओं के अनुसार प्रधान ने साफ कह दिया कि वह सरही में एक भी शौचालय नहीं बनने देंगे। एडीएम ने इस मामले की जांच कराकर शौचालय शीघ्र बनवाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में रामबेटी, लक्ष्मी देवी, मायावती, ममता, रामकटोरी, शशिलता, निर्मला देवी, रिंकी, सुशीला आदि शामिल रहीं।