पुवायां। गांव के एक युवक के झूठे आरोपों से परेशान 40 वर्षीय महिला ने जहर खाकर जान दे दी।
गांव का एक व्यक्ति मजदूरी कर परिवार की गुजर करता हैं। उसने बताया कि गांव का एक युवक उनकी पत्नी पर गलत आरोप लगाता था। पूर्व में थाने में तहरीर देने पर युवक के परिजन खुशामद कर समझौता करा देते थे। रविवार को युवक ने फिर पत्नी पर गलत आरोप लगाए। विरोध करने पर पत्नी को पीट दिया। इससे आहत पत्नी दोपहर बाद पुवायां गई और जिंदबाबा देवस्थान के पास जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर पत्नी ने एक ई-रिक्शा चालक को जहर खाने की जानकारी दी और पति का मोबाइल नंबर दिया।
ई-रिक्शा चालक के सूचना देने पर वह पुवायां पहुंचे और इलाज के लिए शाहजहांपुर में निजी अस्पताल ले गए, जहां पत्नी ने दम तोड़ दिया। देर रात शव घर लाने के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गांव जाकर घटना की जानकारी ली और शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद