गले में तख्ती डाल महिला पहुंची अधिकारियों के पास। स्रोत: जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की एक कॉलोनी की महिला मंगलवार दोपहर डीएम व एसपी कार्यालय पहुंची और वहां मिले अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। महिला के गले में पड़ी तख्ती पर लिखा था पति की सताई हूं, साहब मुझे इंसाफ चाहिए।
महिला का कहना है कि उनकी शादी वर्ष 2019 में थाना आरसी मिशन क्षेत्र के एक गांव के युवक से हुई थी। परिजनों ने शादी में करीब दस लाख रुपया खर्च किया। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दो लाख रुपये की मांग को लेकर परेशान करने लगे। दूसरी शादी करने की धमकी दी। उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पिटाई से उसके कान का पर्दा फट गया। आरसी मिशन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। विवेचना में उचित धाराएं हटाकर आरोपियों को क्लीन चिट दे दी गई। आरोप है कि पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। मुकदमे की फिर से विवेचना कराकर न्याय दिलाया जाए। संवाद