जलालाबाद। महिला की हत्या के बाद उसका शव सूटकेस में बंद करके बहगुल नदी में फेंक दिया गया। शव फूलने के बाद सूटकेस खुलने पर शव नजर आया तो गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस शव पोस्टमार्टम को भिजवाया है। महिला के सीने और चेहरे पर चोट के गहरे निशान मिले हैं।
बहगुल नदी किनारे पालेज की खेती करने वाले तिकोला गांव के एक व्यक्ति ने बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे गांव तिकोला स्थित काली मंदिर के पीछे नदी में बैंगनी रंग का एक बड़ा सूटकेस उतराता देखा। उसकी टूटी चेन से अंदर किसी का शव होने की आशंका पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सूटकेस को नदी से निकलवाकर खोला तो उसमें 25-30 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। मृतका नीले रंग का साड़ी ब्लाउज पहने थी और पैरों में बिछिया होने से उसके शादी शुदा होने का अनुमान है। गोरे रंग की मृतका के सीने तथा चेहरे पर चोट के निशान थे। चेहरा और शरीर काफी फूला हुआ था, जिससे शव दो-तीन दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौके पर जमा हुई भीड़ जब मृतका की शिनाख्त नहीं कर सकी तो पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। कोतवाल रवि कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।