जलालाबाद में हुए हादसे के बाद परिजनों ने पीछा कर बस को अजीजगंज तिराहा पर रोका। संवाद
शाहजहांपुर। अजीजगंज तिराहा पर कुछ लोगों ने जलालाबाद में हादसा कर भागने का आरोप लगाते हुए ई-बस को रोक लिया। ई-बस चालक व रोकने वालों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। चौक कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया। तहरीर देने पर मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कांट थाना क्षेत्र के भैंसटाकलां गांव की रहने वाली किरन अपने पति राना के साथ मंगलवार की दोपहर जलालाबाद दवा लेने के लिए गईं थीं। वहां उबरिया मंदिर के पास ई-बस की बाइक में टक्कर लगने से किरन घायल हो गईं। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज लाकर भर्ती कराया गया।
हादसे के दौरान भाग रही बस का किसी ने नंबर नोट कर लिया। इसे परिवार के लोगों को बताया। इसके बाद महिला के परिवार के लोगों ने करीब 20 किलोमीटर पीछा कर अजीजगंज तिराहा से चार्जिंग स्टेशन की ओर जा रही ई-बस को रोक लिया। चालक हादसे का सुबूत मांगने लगा तो बहसबाजी हुई।
लोगों ने कहा कि साइड में लगी खरोंच से साबित हो रहा है कि इसी बस से हादसा हुआ। मामला अधिक बढ़ता इस बीच चौक कोतवाली पुलिस पहुंच गई। किसी तरह सभी को शांत किया। बस रोकने वालों से कहा कि तहरीर दो। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।