शाहजहांपुर। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर मदनापुर के बरखेड़ा गांव के पास गोवंशीय पशु से टकराने के बाद ट्रक में सामने से घुसी कार में सवार महिला यात्री की भी मौत हो गई। हादसे में मृत लोगों की संख्या छह पहुंच गई है। चार लोगों का अभी उपचार चल रहा है।
कांट थाना क्षेत्र के गांव नगला नवदिया निवासी रियासत की कार में बच्चों-महिलाओं समेत 11 लोग सवार थे। बुधवार की रात बरेली-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर मदनापुर क्षेत्र के बरखेड़ा जयपाल के पास छुट्टा जानवर से टकराकर अनियंत्रित हुई कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई थी। हादसे के बाद घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां डॉक्टर ने रियासत, उनकी पत्नी आमना बेगम, बेटी गुड़िया, साहुल की पत्नी अन्नू और दानिश की तीन साल की बेटी नूर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दानिश की पत्नी गुलफ्शा (25 वर्ष) का डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। रात करीब ढाई बजे हालत बिगड़ने पर उसे वेंटीलेटर पर रखा गया। बाद में उसने दम तोड़ दिया। हादसे में मरने वालों की संख्या छह हो गई। इनके अतिरिक्त रियासत की बेटी खुशी, सुबहान, साहुल और अंश का उपचार चल रहा है।
उत्तराखंड से भोपाल जा रहा था ट्रक
-कार से टकराने वाला ट्रक उत्तराखंड के किच्छा से भोपाल जा रहा था। ट्रक में चावल भरा था। ट्रक उत्तराखंड के व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत हैं। पुलिस ने ट्रक के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। वह खुद को क्लीनर बता रहा है। उसने बताया कि चालक मौके से भाग गया है।
-हादसे में मरने वालों की संख्या छह हो गई। घायलों का उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर पुलिस ने निरीक्षण किया। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
राजेश एस., एसपी