शाहजहांपुर। संदिग्ध हालात में महिला का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर नायब तहसीलदार की मौजूदगी में महिला का शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
लखीमपुर खीरी के गांव गाजीपुर निवासी अमित ने थाना रोजा में सूचना देकर बताया कि गांव शाहगंज में उसने अपनी बहन प्रियांशी (24) की शादी पांच वर्ष पहले बलिराम से की थी। आरोप है कि ससुराल वालों की तरफ दहेज उत्पीड़न किया जा रहा था। इससे तंग आकर उसकी बहन ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली है।
प्रकरण दहेज उत्पीड़न जुड़ा होने की वजह से रोजा पुलिस ने एसडीएम सदर को सूचना दी। मौके पर नायब तहसीलदार निवेदिता ठाकुर की मौजूदगी में शव का पंचायत नामा कराया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रोजा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामला दहेज उत्पीड़न का होने की वजह से नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया गया। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।