खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान में धरने पर बैठी बीना। संवाद
शाहजहांपुर। पीएसी कर्मी से प्रताड़ित महिला रविवार को खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गई। आरोप है कि पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। मांग है कि पति पर विधिक कार्रवाई की जाए।
थाना निगोही क्षेत्र के गांव बरीलालपुर निवासी बीना ने पीएसी कमांडेंट 32वीं वाहिनी लखनऊ को शिकायती पत्र दिया था। बताया कि उसने बरीलालपुर निवासी पीएसी कर्मी रवि आजाद से वर्ष अप्रैल 2022 में नई दिल्ली स्थित कालिका मंदिर में शादी की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही 10 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उसने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। पीड़िता ने इस मामले में एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था।
एसपी के निर्देश पर निगोही पुलिस ने फरवरी 2023 में दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बाद में रवि आजाद समझौता कर उसे अपने घर ले गया। आरोप है कि इसके बाद से ही आरोपी पति उसको लगातार प्रताड़ित कर रहा था। पांच दिसंबर को रवि ने उससे मारपीट कर मोबाइल तोड़ दिया और घर से निकाल दिया।
पीड़िता घर के बाहर बैठी रही, लेकिन ससुराल वालों ने उसकी एक नहीं सुनी। पीड़िता पेरशान होकर रविवार को खिरनीबाग रामलीला मैदान में धरने पर बैठ गई। उसकी मांग है कि आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।