जलालाबाद। बेटी की तेरहवीं में शामिल होकर मंगलवार शाम पति के साथ लौट रहीं गुड्डी देवी (54) बाइक के ब्रेकर पर उछलने से सड़क पर गिर गईं। सिर पर गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई।
थाना अल्हागंज क्षेत्र के गांव इमलिया निवासी रामप्रसाद की बेटी अवंतिका की शादी गांव लहरावर में हुई थी। कुछ दिन पहले अवंतिका की मौत हो गई थी। मंगलवार को उसकी तेरहवीं थी। इसमें शामिल होने के लिए गुड्डी देवी पति रामप्रसाद के साथ बाइक से लहरावर आई थीं। शाम करीब छह बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास सर्विस रोड पर तेज रफ्तार बाइक ब्रेकर पर चढ़ गई। झटका लगने से गुड्डी देवी उछलकर सड़क पर जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने पर उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका के आठ बेटे और दो बेटियां हैं। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि अगर कोई तहरीर आती है तो जांच की जाएगी। संवाद