शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के मोहल्ला मरहैया निवासी शोभित की 19 वर्षीय पत्नी मंशा देवी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति के अनुसार, पत्नी काफी दिनो से बीमार थी।
शोभित ने बताया कि अप्रैल में मंशा देवी से विवाह हुआ था। करीब 20 दिन पूर्व पत्नी बीमार हुईं तो उन्हें डाॅक्टर को दिखाया। उपचार कराने पर स्वस्थ हो गई। कुछ दिन बाद दोबारा बीमार हो गई। डॉक्टर के परीक्षण करने में पीलिया होने की बात सामने आई। उसके बाद बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तीन दिन उपचार के बाद भी फायदा नहीं होने पर लखनऊ में निजी अस्पताल में दिखाया। सोमवार की सुबह वहां पत्नी की उपचार के दौरान मौत हो गई।
लखनऊ से आए शव को राजकीय मेडिकल कॉलेज की चौकी पुलिस ने शव गृह में रखवा दिया है। मंशा देवी की मौत की खबर सुनकर उसके परिवार में कोहराम मच गया। शव को देख परिजन बिलख पड़े। कांट थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मौर्या ने बताया कि मेमो आने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।