गांव देवकली की सोनी देवी का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
देवकली/बंडा। गांव देवकली निवासी ओमेंद्र की पत्नी 26 वर्षीय सोनी देवी की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोनी के पिता की तहरीर पर सात ससुरालियों पर दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
पीलीभीत के थाना पूरनपुर के गांव लहा के जगदीश ने बताया कि उन्होंने बेटी सोनी देवी की शादी छह वर्ष पूर्व देवकली के ओमेंद्र के साथ की थी। शादी में उन्होंने हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था, लेकिन दामाद, उसका का बड़ा भाई अवनीश, मां कलावती, बहन आरती, ननदोई इंद्रपाल, मामा ससुर मुन्नालाल और मुन्नालाल का पुत्र नीलेश दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
मांग पूरी नहीं होने पर इन लोगों ने बेटी का उत्पीड़न शुरू कर दिया। इसको लेकर उन्होंने कई बार दामाद व अन्य ससुरालियों को समझाया, लेकिन आरोपी दहेज की मांग पर अड़े रहे। शनिवार सुबह उन्हें गांव देवकली के कुछ लोगों ने बेटी की मौत की सूचना दी। वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे तो सोनी का शव कमरे में मिला।
ससुराल के सभी लोग शव छोड़कर घर से भाग गए थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मौके पर मौजूद गांव के लोगों से घटना की जानकारी भी ली। सोनी अपने पीछे तीन वर्षीय पुत्री छोड़ गई है। थाना प्रभारी राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि सात लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।