टक्कर से क्षतिग्रस्त हुए दोनों वाहन
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर में मुंडन संस्कार की दावत में शामिल होने जाते समय बाइक सवार को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव कलुआपुर निवासी सुनीता (55) की मौत हो गई। बाइक चला रहे दामाद सतेंद्र समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है।
लखीमपुर जिले के थाना मोहम्मदी के गुर्जरपुर निवासी सतेंद्र के भाई कुलदीप के पुत्र का बृहस्पतिवार को मुंडन संस्कार था। शाम को सतेंद्र अपनी सास सुनीता, साली सरोजनी व उसका पुत्र एलिस को बाइक पर बैठाकर कार्यक्रम में जा रहे थे। खुटार के रामपुरकलां से मोहम्मदी की ओर जाने वाले लिंक मार्ग पर पुलिया के पास उनकी बाइक में तेज गति से आई कार से टक्कर लग गई। कार की टक्कर से बाइक पुलिया से जा टकराई।
हादसे में सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गई। अन्य को भी काफी चोटें आईं। घायलों को खुटार सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर सुनीता को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सवारी नहीं मिलने पर बाइक लेकर आए थे सतेंद्र
बृहस्पतिवार को सवारी नहीं मिलने के कारण सुनीता व अन्य को काफी इंतजार करना पड़ा। सूचना पर सतेंद्र खुद बाइक लेकर आ गए और तीनों को बैठाकर चल दिए थे।