शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव ढकिया तिवारी निवासी महिला सोनी (22) की शुक्रवार सुबह कीटनाशक पीने की वजह से मौत हो गई। सोनी के पिता ने बेटी के ससुरालवालों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बर्तन गिरकर पिचकने के बाद हुए घरेलू विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है।
पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव जल्लापुर सायम निवासी गजेंद्र सिंह ने अपनी बेटी सोनी की शादी पांच महीने पहले ढकिया तिवारी निवासी प्रदीप कुमार से की थी। शुक्रवार को कहासुनी होने पर सोनी ने घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सोनी के चाचा रामदेव सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से सास, जेठ और जेठानी सोनी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। शुक्रवार को सोनी के हाथ से स्टील का बर्तन जमीन पर गिरने से थोड़ा पिचक गया था, तब जेठ ने सोनी को लाठी लेकर दौड़ाया। पति ने भी भाई का साथ दिया। आरोप लगाया कि ससुरालवालों ने ही सोनी को कीटनाशक पिला दिया। इधर, पति प्रदीप ने बताया कि जमीन पर बर्तन गिरने पर उसने सोनी को डांट दिया था, मारपीट जैसी कोई बात नहीं थी। सोनी ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया, उन लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की पर उसकी मौत हो गई। सोनी के पिता गजेंद्र ने निगोही थाने में पति प्रदीप, सास सुशीला, जेठ राजीव व जेठानी कल्पना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कीटनाशक पीने से महिला की मौत का मामला सामने आया है। तहरीर मिलने के बाद सोनी के पिता की ओर से ससुरालवालों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। - अमित चौरसयिा, सीओ सदर