खुटार। गांव चांदपुर में शुक्रवार रात 55 वर्षीय हेमलाल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
गांव चांदपुर निवासी राजू ने बताया कि उसके भाई हेमलाल की शादी नहीं हुई थी। हेमलाल उनके साथ ही रहते थे। करीब चार माह पहले हेमलाल का पड़ोस के लोगों से विवाद हो गया था, जिससे पड़ोसी रंजिश मानने लगे थे। शुक्रवार रात हेमलाल घर के बाहर छप्पर के नीचे सो रहे थे। राजू के अनुसार, पुरानी रंजिश में पड़ोस के दो लोग लाठी, डंडे लेकर आए और हेमलाल के सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शनिवार सुबह परिवार के लोग सोकर उठे तो हेमलाल का शव घर से कुछ दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिवारवालों से घटना की जानकारी ली। आरोपियों से भी पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि हेमलाल के भाई राजू ने पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।