- ससुरालियों पर लगाया दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
- फरीदपुर की रहने वाली थी पायल, बेटी की मौत पर परिजन गमजदा
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के गांव सरेली निवासी आजाद की पत्नी पायल (20) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर बरेली लेकर जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतका के गमजदा परिजनों ने दहेज की खातिर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बरेली जिले के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव कानूनगोयान निवासी ओमप्रकाश ने पुत्री पायल की शादी सात दिसंबर 2022 को आजाद के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा था। एक लाख रुपये और बाइक की मांग की जा रही थी। बृहस्पतिवार की शाम को प्रताड़ित होकर पायल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर आजाद ने अपनी ससुराल में सूचना दी। ससुराल के लोग उसे बरेली लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। नायब तहसीलदार ने मौके पर जाकर पूछताछ की है।