- पुलिस ने एक पक्ष के सात लोगों का शांतिभंग में किया चालान, दूसरे पक्ष की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
भावलखेड़ा। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के हरदोई रोड पर लालबाग के पास स्थित विमलेश ढाबा पर सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर दो गुटों में विवाद की स्थिति बन गई। एक पक्ष के लोग असलहों से लैस होकर ढाबे के गेट पर एकत्रित हो गए। दूसरे पक्ष के पहुंचने से पहले पुलिस मौके पर आ गई। मामले में एक पक्ष के सात लोगों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव ददऊं निवासी मुकेंद्र सिंह और रौसर कोठी निवासी संतोष सिंह के बीच विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि मुकेंद्र ने फेसबुक पर एक पोस्ट अपलोड कर दी और चुनौती देकर विमलेश ढाबा पर आने के लिए लिख दिया। दोनों पक्षों के बीच फोन पर गालीगलौज भी हुई। इसके बाद मुकेंद्र पक्ष के लोग विमलेश ढाबा के गेट पर असलहों से लैस होकर आ गए। दूसरे पक्ष के संतोष सिंह के आने से पहले प्रभारी निरीक्षक थाना रामचंद्र मिशन अरविंद सिंह चौहान, एसआई महेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए विवाद को शांत कराया।
पुलिस वहां खड़े सभी लोगों को थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मामले में राघवेंद्र, मुकेंद्र निवासी गांव ददऊ, शुभम, जौली, चंद्रसेन निवासी गांव दाऊदपुर, सावन दीक्षित निवासी गांव रौसरकोठी, सुधांशु जौहरी निवासी दीवान जोगराज को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान किया गया है। दूसरे पक्ष के लोगों की तलाश की जा रही है।