खुटार सीएचसी पर गमगीन बैठे नवदिया सराय की लीलावती के परिजन। संवाद
खुटार (शाहजहांपुर)। पीलीभीत के थाना पूरनपुर के गांव भगवंतापुर स्थित मायके में तिलक समारोह से घर लौट रही गांव नवदिया सराय के बलराम चौहान की पत्नी लीलावती (55) बाइक गिरने से गंभीर घायल हो गईं। सीएचसी पर उनको मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में बाइक सवार लीलावती पुत्र, पुत्रवधू और पौत्र भी घायल भी हुए हैं।
लीलावती के मायके में 18 जून को उनकी बहन के पुत्र का तिलक समारोह था। लीलावती अपने पुत्र विनोद, बहू प्रीति देवी और पौत्र अतुल के साथ तिलक समारोह में शामिल होने गई थीं। शुक्रवार सुबह विनोद चौहान बाइक से सभी को लेकर घर लौट रहे थे। खुटार-पूरनपुर रोड पर लौहगांपुर जंगल में बाइक का टायर पंक्चर होने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार सभी लोग घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर 108 सेवा की एंबुलेंस से घायलों को खुटार सीएचसी लाया गया। डॉक्टर ने लीलावती को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन शाहजहांपुर ले जाने से पहले ही लीलावती ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों की मरहम पट्टी करने के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना से बदहवास विनोद पुलिस को घटना की ठीक से जानकारी नहीं दे सके। लीलावती की मौत से पति बलराम, पुत्र विनोद, रामनिवास, बहू प्रीति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
-
खुटार में हुए सड़क हादसे के संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच और कार्रवाई कराई जाएगी।
-प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां
खुटार सीएचसी पर गमगीन बैठे नवदिया सराय की लीलावती के परिजन। संवाद