शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव फंदे से लटका मिला। मृतका के भाई ने बहनोई पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी शिवम की 25 वर्षीय पत्नी पिंकी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव बुधवार रात बरामदे में फंदे से लटका मिला। उसके शव को देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
विज्ञापन
फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र के पूरनपुर जिठौली गांव निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि बहन पिंकी की शादी 2019 में शिवम के साथ की थी। शिवम शराब पीकर आए दिन बहन को परेशान करता था। पांच दिन से बहन से बात भी नहीं कराई थी। जब भी फोन करते, काम पर होने की बात कहते हुए फोन काट देते थे।
जमीन से छू रहे थे पैर
रात करीब एक बजे रिश्तेदारों से बहन की मौत की सूचना मिली। बृहस्पतिवार सुबह जब बहन की ससुराल आए तो देखा उसका शव बरामदे में लटका हुआ था। उसके गले में रस्सी का फंदा पड़ा हुआ था। पैर जमीन से छू रहे थे। वहीं, ससुराल वालों का कहना है कि शिवम दूसरी मंजिल पर बने कमरे में रहता था।
विज्ञापन
वह बुधवार रात खेत पर गेहूं की फसल में पानी लगाने के लिए गया था। रात करीब डेढ़ बजे घर आया तब पत्नी के फंदे से लटका होने की जानकारी हुई। मिर्जापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सोनी शुक्ला ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर प्राप्त होने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।