शाहजहांपुर। गर्मी के दस्तक देते ही बिजली ने झटका देना शुरू कर दिया है। ऐसे में लोड बढ़कर 213 मेगावाट तक पहुंच गया है। भीषण गर्मी में बिजलीचलित उपकरणों से खपत साढ़े चार सौ मेगावाट तक पहुंचने की संभावना है।
जिले में तीन लाख 75 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन हैं। सर्दी के मौसम में बिजली का संकट खड़ा नहीं हुआ। कम लोड होने के साथ ही खपत भी लगभग 190 मेगावाट तक रही। फरवरी में बिजली की खपत में उछाल आया है, साथ ही बिजली के लोकल फॉल्ट भी बढ़ गए हैं। 220 केवी पैना ट्रांसमिशन के अनुसार, बृहस्पतिवार को 213.45 मेगावाट बिजली की खपत जिले में की गई है। आने वाले दिनों में तापमान चढ़ने के साथ ही खपत भी छलांग लगाना शुरू कर देगी। एसी, कूलर, फ्रिज, पंखे आदि के चलने से बिजली की खपत बढ़ती जाएगी। अधिकारियाें के अनुसार, जून में बिजली की खपत 450 मेगावाॅट तक पहुंचने की संभावना है। उस समय वर्तमान से दोगुना खपत तक पहुंच जाएगी।
-
गर्मी से पहले कार्य को कराने में जुटे अफसर
-गर्मी के दस्तक देने के साथ ही लाइनों और ट्रांसफॉर्मराें की मरम्मत का कार्य भी तेजी पकड़ गया है। नगरीय क्षेत्र में बिजली उपकेंद्रों की स्थिति काफी बेहतर होने के बावजूद लोकल फॉल्ट उपभोक्ताओं को परेशान करते हैं। वहीं ग्रामीण इलाकों में भी लाइनों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है, जिससे गर्मी में लोगों को दुश्वारियाें से बचाया जा सकें।
-
खंभे लगाने को लिया शटडाउन, गुल रही बिजली
-शुक्रवार की शाम करीब सात बजे गोविंदगंज उपकेंद्र का टाउन हॉल फीडर बंद कर दिया गया। पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जेई कफील अहमद ने बताया कि तारा मंडल में दो खंभे लगाए जाने के कारण शटडाउन लिया गया है।
वर्तमान में 213.45 मेगावॉट बिजली की खपत है। आने वाले दिनों में खपत बढ़ेगी। उसके लिए ट्रांसमिशन पर सारी तैयारी कर ली गई है। उपभोक्ताओं को दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
मोहित श्रीवास्तव, एक्सईएन, पारेषण केंद्र