कुर्रिया कलां पीएचसी पर मरीज देखते डॉक्टर। संवाद
शाहजहांपुर। रात को ठिठुरन के बाद दिन में धूप की गरमाहट से मौसम में होने वाला बदलाव सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित जन आरोग्य मेले इसका गवाह बन गए। इस दौरान खांसी-जुकाम और वायरल बुखार के मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें आवश्यक दवाएं देने के साथ ही कई मरीजों के रक्त के नमूने भी जांच के लिए लिये।
तिलहर। राजनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. अभिषेक जौहरी ने करीब 60 मरीजों की जांच की। इनमें से 15 के खून के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार और कमजोरी की शिकायत के मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। रमापुर पीएचसी पर फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने 60 मरीजों की जांच की और उनमें से 15 के खून के नमूने जांच के लिए भेजे। कुंवरगंज पीएचसी के प्रभारी डॉ. अनुराग गुप्ता ने 50 मरीजों का उपचार किया और 10 की विभिन्न जांचें कराईं।
खुदागंज। हसनापुर गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को लगे आरोग्य मेले में डॉ. फहीम खां ने मौसमी बीमारियों से ग्रस्त 26 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं सुलभ कराईं। जांच में वायरल बुखार के 11, चर्म रोगों के आठ, खांसी और अस्थमा के पांच तथा दो अन्य मरीज मिले।
000
खून की जांच के लिए कांट सीएचसी भेजे गए मरीज
कुर्रियाकलां। गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे जन आरोग्य मेले में पहुंचे 36 मरीजों के स्वास्थ्य का डॉ. शैलेश द्विवेदी ने परीक्षण कर उन्हें उनकी समस्या के अनुसार दवाएं दिलाईं। किसी लैब टेक्नीशियन के नहीं होने से मरीजों के खून की जांच नहीं हो सकी। खून की जांच कराने के लिए कई मरीजों को 14 किमी दूर कांट जाना पड़ा। संवाद