शाहजहांपुर। 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और 9.6 एमएम बारिश से अधिकतम और न्यूनतम तापमान लुढ़क गया। गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। वायुदाब गिरा होने से शनिवार को बादल छाए रहने के साथ मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
बृहस्पतिवार की रात 45 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा के साथ बारिश हुई। बारिश और हवा के असर से सुबह मौसम ठंडा हो गया। गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि वायुदाब छह मिलीबार गिरा हुआ है। आर्द्रता 68 फीसदी है। इससे हवा में नमी बनी हुई है। पछुआ हवा चल रही है। वायुदाब गिरने के असर से बादल छाए रहने की संभावना है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
आम और मक्का की फसल को हुआ नुकसान
कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ.एनसी त्रिपाठी ने बताया कि गेहूं की फसल लगभग कट चुकी है। तेज हवा चलने से आम और मक्का की फसल को नुकसान हुआ है। अन्य फसलों को फायदा हुआ है।