पुलिस की हिरासत में हत्यारोपी गंगाधर। स्रोत: पुलिस
जैतीपुर। शराब पीने से रोकने पर पत्नी को नदी में डुबोकर और हंसिया से हमला कर मार देने के आरोपी को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार उसे अमरेड़ी तिराहा से गिरफ्तार किया गया।
गढि़या रंगीन थाना क्षेत्र के गांव रापड़िया निवासी सुनीता (36) को सोमवार की सुबह सात बजे पति गंगाधर राजस्थान में काम करने की बात कहकर साथ लेकर निकला था। उसके साथ में दो साल का बेटा कैलाश भी था। रामगंगा नदी के किनारे गंगाधर ने पत्नी की हत्या कर शव फेंक दिया था। दोपहर करीब तीन बजे जब वह बेटे के साथ वापस आया तो बेटी सरिता ने मां के बारे में पूछा। ज्यादा जोर देने पर गंगाधर ने कहा कि उसने सुनीता को ऐसी जगह पहुंचाया है जहां से वह कभी वापस नहीं आएगी। बेटी के रोने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्होंने कड़ाई से पूछा तो आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी की हत्या करने की बात कबूल ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने नदी किनारे से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई। बताया जाता है कि गंगाधर ने सुनीता को डुबोकर मार दिया। इसके बाद हंसिये से कई वार किए। शव वहीं छोड़कर वह घर लौट आया था। पुलिस ने गंगाधर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीओ तिलहर प्रयांक जैन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।