शाहजहांपुर। श्रीरामलीला एवं प्रदर्शनी समिति की ओर से ओसीएफ इस्टेट श्रीरामलीला मैदान पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन व मुशायरे में पूरी रात श्रोताओं ने कविताओं एवं शायरी का आनंद लिया।
अध्यक्षता करते हुए सुप्रसिद्ध वरिष्ठ गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना ने सुनाया-गुरूर जिसने अपने जेहन में पाला होगा। खुली हो खिड़कियां फिर भी उजाला होगा। मुंबई से आए वरिष्ठ शायर व फिल्मी गीतकार शकील आजमी ने कहा-परों को खोल जमाना उड़ान देखता है, जमी पे बैठके क्या आसमान देखता है।
कानपुर से आई शायरा शबीना अदीब ने देशभक्ति पर अपनी रचना सुनाई। उन्होंने कहा-वतन के किस्से तमाम लिखे हुए मिलेंगे। हमारे पुरखों के काम लिखे हुए मिलेंगे।
शायरा हिमांशी बाबरा, मध्य प्रदेश से आईं कवयित्री मणिका दुबे, जहाज देवबंदी, चर्चित गीतकार नीलोत्पल मृणाल, कवयित्री डॉ.भुवन मोहिनी, जौहर कानपुरी, चिराग जैन आदि ने अपनी रचनाएं व शायरी सुनाईं। शशिकांत यादव के संचालन में हुए कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, निवर्तमान मुख्य महाप्रबंधक एसएस डोईफोडे, एके यादव, एचके यादव, एसएस मीणा आदि मौजूद रहे।
वहीं, बारिश के अलर्ट के बावजूद पंडाल को वॉटरप्रूफ नहीं बनवाया गया। इसके चलते शामियाने के ऊपर पानी भर गया। कुछ श्रोताओं ने कुर्सियां सिर के ऊपर रखकर खुद को भीगने से बचाया। जिस कतार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बैठे थे, वहां शामियाने में भरे पानी को बांस से एक साइड में गिराया गया।