शाहजहांपुर। शहर के सभी व्यस्त मार्ग अतिक्रमण की चपेट में हैं। डीएम ने दुकान के बाहर सामान रखने वालों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन इसका भी असर अब तक नजर नहीं आ रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, अभी चेतावनी दी जा रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अधिकारी भी पशोपेश में हैं कि किस-किस पर जुर्माना लगाया जाए, क्योंकि पूरा शहर ही अतिक्रमण की चपेट में है। सड़क पर अतिक्रमण करने पर नगर निगम का प्रवर्तन दल आमतौर पर पांच सौ से हजार रुपये तक जुर्माना लगाता है। नियमों के मुताबिक, अधिकतम जुर्माना 20 हजार रुपये है।
बड़े दुकानदार तो इतना जुर्माना अदा कर सकते हैं, लेकिन उन छोटे दुकानदारों के सामने दिक्कत खड़ी हो जाएगी जो 20-30 हजार की लागत लगाकर व्यापार कर रहे होते हैं। अधिकारियाें के मुताबिक, अगर 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाता है तो दुकानदार के लिए देना संभव नहीं होगा। जुर्माने की रसीद कटने के बाद अगर छोटा दुकानदार जुर्माना नहीं देता तो समस्या खड़ी हो जाएगी। इस वजह से उन्हें पहले नोटिस दिया जाएगा।
अगर फिर भी अतिक्रमण नहीं हटाया जाता तो कठोर कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। अधिकारी यह भी मानते हैं कि सड़क पर हुए कब्जे के अनुसार कम जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
-
बहादुरगंज में सबसे ज्यादा दिक्कत
शहर में बहादुरगंज पचराहे के पास दुकानदारों ने सड़क पर सबसे अधिक सामान फैला रखा है। यहां से राहगीरों का निकलना तक दूभर हो जाता है। बहादुरगंज चौराहे के पास ठेले वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। इस वजह से यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। पास में पुलिस पिकेट होने के बाद भी पुलिसकर्मी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं। इस वजह से हालात काफी खराब हो जाते हैं। बहादुरगंज चौराहे से सदर जाने वाली सड़क पर भी दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। यही हाल बहादुरगंज रिक्शा स्टैंड से घंटाघर जाने वाली सड़क का है। इस सड़क पर भी दुकानदारों ने कब्जा कर रखा है।
-
गुदड़ी बाजार से तो राहगीरों का निकलना मुश्किल
-चौक स्थित गुदड़ी बाजार में दुकानदारों ने सड़क घेर रखी है। यहां पर पैदल और दोपहिया वाहनों से गुजरना मुश्किल है। आगे मंडी में भी यही हालात हैं। लोगों ने नालियों को पाट कर कब्जा कर लिया है। अतिक्रमण की वजह से यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस तैनात नहीं की गई है। आधी सड़क पर फलों के ठेले खड़े रहते हैं। दुकान के बाहर लोग बाइक खड़ी कर देते हैं। इससे जाम की स्थिति रहती है।
-
स्टेशन रोड और जलालनगर-निगोही रोड पर हावी अतिक्रमणकारी
-अशफाक नगर चौराहे से स्टेशन तक दुकानदारों ने सड़क पर कब्जा कर रहा है। यहां पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। इस वजह से इस रोड पर जाम की समस्या बनी रहती है। यही हाल अशफाक नगर से निगोही जाने वाले रोड का है। यहां दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रहा है। यहां पर यातायात पुलिस दिखाई नहीं देती है।
-
सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। रविवार तक सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद डीएम के निर्देशानुसार अभियान चलाकर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा, नगर आयुक्त
बहादुरगंज बाजार में दुकानदारों ने सड़क किनारे किया अतिक्रमण। संवाद- फोटो : टूंडला स्टेशन पर कुंभ तीर्थयातत्रों की उमड़ी भीड़