खुटार थाना पुलिस किशोरी के अपहरण के एक मामले में बुधवार रात बंडा के एक गांव में दबिश देने गई थी। गांव में पुलिस ने एक मकान की घेराबंदी को तो एक युवक ने गाली गलौज करते हुए बदमाश होने का शोर मचा दिया। इस पर गांव के तमाम लोग लाठी, डंडे लेकर मौके पर जमा हो गए। इस बीच पुलिस ने गाली गलौज करने वाले युवक की पिटाई कर दी। गांव के लोगों को पुलिसकर्मियों ने परिचय देते हुए छापेमारी का कारण बताया, इसके बाद गांव के लोग वापस लौट गए। बंडा एसओ ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।
खुटार क्षेत्र से गैर समुदाय के चार लोगों पर नाबालिग किशोरी के अपहरण के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने इस मामले में बंडा क्षेत्र से दो युवकों को उठाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि जो लोग पूछताछ के लिए लाए गए हैं उनकी अपहरण के एक आरोपी से फोन पर बात होती रही है। एसओ बिरजाराम ने बताया कि इस मामले में जांच चल रही है।