बारिश के कारण खराब हुई गेहूं की फसल को लेकर परेशान चल रहा किसान सरकारी खरीद केंद्र नहीं खुलने से और भी ज्यादा दुखी है। खुटार ब्लाक में विभिन्न एजेंसियों के 12 क्रय केंद्र स्वीकृत हैं, लेकिन अभी तक किसी भी क्रय केंद्र पर खरीद शुरू नहीं हो सकीं है।
सेंटरों पर खरीद शुरू न होने के कारण आढ़ती मनमाने रेट पर गेहूं की खरीद कर रहे हैं। अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मजबूरन किसान आढ़त पर 12 से साढ़े बारह सौ रुपए प्रति क्विंटल गेहूं बेचने को विवश है। इससे किसानों में सरकार के प्रति रोष पनप रहा है। किसानों का कहना है कि जल्द ही सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई तो वह लोग किसान संगठनों से संपर्क कर आंदोलन करने पर विवश होंगे।
इस संबंध में खुटार के विपणन निरीक्षक शेखर कुमार का कहना है कि सभी केंद्रों पर कांटा बांट और वारदाना पहुंच गया है। गेहूं में नमी के कारण खरीद शुरू नहीं हुई है। कुछ सैंपल भेजे गए हैं, खुटार के क्रय केंद्रों पर रविवार से तौल शुरू हो जाएगी।