ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं भरकर शाहजहांपुर मंडी जा रहे किसान से तमंचे के बल पर 70 क्विंटल गेहूं लूट लिया और ट्रैक्टर चालक और किसान को बांध कर जंगल में डाल दिया। इस बावत थाने पर तहरीर दी गई है।
सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव मरौरी निवासी सेठपाल सिंह गांव के ही रघुवीर सिंह के ट्रैक्टर ट्राली में 70 क्विंटल गेहूं भर कर बृहस्पतिवार को रात नौ बजे घर से शाहजहांपुर रोजा मंडी के लिए चले। ट्रैक्टर-ट्रॉली गांव कटिया लिंक मार्ग के निगोही थाना क्षेत्र के गांव गौटिया के पास पहुंची ही थी कि आधा दर्जन बदमाश मार्ग पर आ पहुंचे। बदमाशों ने तमंचे के बल पर किसान सेठपाल व चालक अवनीश सिंह को अपने कब्जे में लेकर दोनों के हाथ पैर बांध कर खेत में डाल दिया। तीन बदमाश दोनों के निकट बैठे रहे और तीन बदमाश ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चले गये। रात करीब एक बजे खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली लाकर खड़ी कर दी और मोबाइल व रुपये लूट कर चले गए। बंधन मुक्त होकर सेठपाल थाने गया और तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।