परिषदीय स्कूलों के गुरुजनों की स्कूलों में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्हाट्सऐप का सहारा लिया जाएगा। शिक्षकों की समस्याएं सुनने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
पटरी से उतरी चल रही बेसिक शिक्षा की गाड़ी को लाइन पर लाने के लिए बीएसए राकेश कुमार ने नई तकनीक ईजाद की है। जबकि प्राथमिक स्कूलों में गुरुजनों की कोई कमी नहीं है। जरूरत उनकी आदतें सुधारने की की है। बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अभिभावकों की निरंतर शिकायतें मिलती रहती है। शिक्षक स्कूल में नहीं आते, जिससे न तो मिडडे-मील बनता है और न पढ़ाई होती है। बीएसए ने स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति पक्की करने के लिए व्हाट्सऐप नंबर जारी किया है। योजना के मुताबिक खंड शिक्षाधिकारी अपने क्षेत्र का निरीक्षण कर उसी समय जारी व्हाट्सऐप नंबर पर अनुपस्थित शिक्षक का नाम और स्कूल का नाम, निरीक्षण का समय जारी कर देंगे। बीएसए उनकी ऑनलाइन आख्या के आधार पर लापरवाह गुरुजनों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
बीएसए ने बताया कि खंड शिक्षाधिकारियों, सह समन्वयक और न्याय पंचायत संसाधन केंद्र प्रभारियों को पहले ही स्कूलों की जांच का काम सौंपा जा चुका है। अब शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने और स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल नंबर 9198705666 पर व्हाट्सऐप जारी किया गया है। इतना ही नहीं, शिक्षकों की समस्याएं सुनने के लिए अभिभावक हेल्पलाइन नंबर 05842-280266 और अध्यापक हेल्पलाइन 05842-282266 जारी किया गया है। इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारियों, सह समन्वयकों तथा न्याय पंचायत केंद्र प्रभारियों को अवगत कराया जा चुका है। बीएसए ने बताया कि जनसामान्य भी व्हाट्सऐप नंबर पर शिक्षक अथवा कर्मचारी से संबंधित कोई भी सूचना दे सकते हैं। शिक्षक अपने अवकाश संबंधी सूचना सुबह 10 बजे तक संबंधित नंबर पर दे सकते हैं।